पूर्णिया: पूर्णिया जिले के ऐतिहासिक सुखसेना गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने इस पारंपरिक आयोजन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने भावुक संबोधन में उन्होंने कहा कि सुखसेना उनका मायका समान है और इसी गांव के सहयोग से उन्होंने 1995 में राजनीति में कदम रखा था। भले ही अब परिसीमन के चलते यह गांव उनके विधानसभा क्षेत्र से बाहर हो गया हो, पर वे हमेशा इसके विकास के लिए समर्पित रहेंगी।
सदियों पुरानी परंपरा वाले इस आयोजन में इस बार भी मिथिला संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। दरभंगा से आईं सुप्रसिद्ध मैथिली गायिका जुली झा और उनकी टीम ने अपने सुमधुर गीतों से माहौल को भक्तिमय कर दिया, वहीं 16 अगस्त की रात गोरखपुर से आई सांस्कृतिक टीम ने रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

सुखसेना गांव की एक अनूठी परंपरा के अनुसार, जन्माष्टमी पर दूर-दूर से लोग अपने छोटे बच्चों को लेकर यहां आते हैं और भगवान कृष्ण पर बांसुरी चढ़ाते हैं, मान्यता है कि ऐसा करने से बच्चे बुद्धिमान और प्रतिभाशाली बनते हैं। इस आयोजन की सफलता में पूजा समिति के साथ पूरे गांववासियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे यह उत्सव एक सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरा।



