पूर्णिया: Durga Puja 2025 दुर्गा पूजा 2025 के मद्देनजर पूर्णिया पुलिस ने 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें खासकर 28 सितंबर (षष्ठी) से 2 अक्टूबर (विजयादशमी/प्रतिमा विसर्जन) तक शहर में भारी भीड़ की आशंका के मद्देनजर ट्रैफिक पर सख्ती बरती जाएगी। 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लाइन बाजार, सनोली चौक, भट्ठा बाजार, खुश्कीबाग, कटिहार मोड़, रजनी चौक समेत अन्य मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कसबा से आने वाले भारी वाहन भी शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
जुलूस के वाहनों को निर्धारित मार्गों से ही गुजरने की अनुमति होगी, जबकि चित्रवाणी मोड़, पॉलिटेक्निक चौक, नेवालाल चौक और रजनी चौक से आगे कई स्थानों पर छोटे-बड़े सभी वाहनों का परिचालन सीमित कर दिया गया है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बस और अन्य यात्री वाहनों को मरंगा बाईपास, जीरो माइल बाईपास और मेहता चौक की नई सड़क से संचालित किया जाएगा। आस्था मंदिर से आरएन साह चौक तक वन-वे ट्रैफिक लागू रहेगा।
पार्किंग के लिए जिला स्कूल मैदान, बीएसआरटीसी डिपो, रंगभूमि, डीएसए मैदान और खुश्कीबाग रेल ओवरब्रिज के नीचे अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। दोपहिया और ई-रिक्शा के लिए नगर निगम द्वारा चिन्हित स्थलों पर पार्किंग करनी होगी। पूर्णिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन लेकर न घूमें, अवैध पार्किंग, नशे में ड्राइविंग या स्टंट न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। किसी असुविधा की स्थिति में यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827767 या 9031827778 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।



