अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): Araria News अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के धनेश्वरी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। एक व्यक्ति को सोते समय गोली मार दी गई, जबकि दूसरे को जिंदा जलाकर मार डाला गया। यह घटना धनेश्वरी पंचायत के वार्ड संख्या 13 की है। सूचना मिलने के बाद फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा के नेतृत्व में भरगामा थाना और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की। फोरेंसिक साइंटिफिक लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुँचकर सैंपल जुटा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव के डिपो के अंदर सो रहे 40 वर्षीय डिपोकर्मी जयकुमार यादव, पिता विष्णुदेव यादव, को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। वहीं, घर के अंदर सो रहे नयन यादव को जिंदा जलाकर मार डाला गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस दोहरी हत्या का कारण जमीन विवाद है। बताया जा रहा है कि पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव ने अपने चचेरे बहनोई से पौने दो एकड़ जमीन जबरन लिखवा ली थी। लेकिन, गुड्डू यादव का बड़ा साढू नयन यादव उन्हें उस जमीन पर कब्जा करने नहीं दे रहा था।
इसी को लेकर शुक्रवार देर शाम दोनों पक्षों में खेत की जुताई को लेकर विवाद भी हुआ था। शनिवार की सुबह करीब 3 बजे, बदमाशों ने डिपो में सो रहे जयकिशोर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी और घर के अंदर सोए नयन यादव को जिंदा जला दिया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



