अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया जिले में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3.0 को धरातल पर लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में ‘जनता के दरबार’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने की, जिसमें आम जनता ने भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण से जुड़ी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों को कार्य में लापरवाही माना जाएगा। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ केवल नारा नहीं, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन और सुलभ सरकारी सेवाएं प्रदान करना है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे संवाद करें।



