अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): फारबिसगंज रेलवे स्टेशन के इतिहास में सोमवार का दिन एक खास अध्याय लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यहाँ से पटना के लिए पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए स्टेशन परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था।
- लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह
उद्घाटन स्पेशल वंदे भारत ट्रेन को देखने और उसके साथ तस्वीरें लेने के लिए लोगों में भारी उत्साह था। प्लेटफार्म संख्या-1 पर खड़ी इस अत्याधुनिक ट्रेन के साथ हर कोई अपनी यादें कैद करना चाहता था। लोग इस नई और आधुनिक ट्रेन को देखकर बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रहे थे। यह ट्रेन पूर्णिया से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रवाना की गई।

- नियमित परिचालन जल्द होगा शुरू
उद्घाटन स्पेशल के तौर पर यह ट्रेन सोमवार को फारबिसगंज से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर रात 11:40 बजे दानापुर पहुँचेगी। इसका नियमित परिचालन 17 सितंबर से दानापुर से और 18 सितंबर से जोगबनी से शुरू होगा। यह ट्रेन हफ्ते में पाँच दिन (मंगलवार और बुधवार को छोड़कर) चलेगी। आठ बोगियों वाली यह ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह फारबिसगंज, अररिया कोर्ट, पूर्णिया, बनमनखी, दौरम मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, सलौना, हसनपुर रोड, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी।



