पूर्णिया, संवाददाता : पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विवेकानंद सिंह ने गुरुवार को बिहार के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
भेंट के दौरान कुलपति ने कुलाधिपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक सुधारों तथा संस्थान में लागू किए जा रहे नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन की दिशा में कार्य कर रहा है।
कुलपति ने विशेष रूप से “समर्थ पोर्टल” के क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय इस पहल को लागू करने वाला राज्य का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। इस पर कुलाधिपति ने संतोष व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की और इसे एक सकारात्मक कदम बताया।
मुलाकात के दौरान भविष्य की विकासात्मक योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए निरंतर सुधार और नवाचार पर बल दिया।
यह मुलाकात विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में संस्थान के विकास को नई गति और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



