पूर्णिया: विधायक विजय खेमका ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांत को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का मूल बताया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी ने अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के अधिकार सुनिश्चित करने का संदेश दिया, जिसका अनुसरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र में देखा जा सकता है।
विधायक ने आदिवासी, वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने को उनके विचारों की जीवंत अभिव्यक्ति बताया और उदाहरण के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नाम लिया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी तिलका मांझी को भी याद करते हुए खेमका ने उनके अद्वितीय योगदान और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के संघर्ष को सलाम किया।
उन्होंने आह्वान किया कि दीनदयाल जी के मार्ग पर चलते हुए “देश प्रथम, फिर पार्टी, फिर स्वयं” के संकल्प को आत्मसात करना और 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाना उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



