Bihar Election 2025 : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा (एनडीए) प्रत्याशी विजय खेमका ने शनिवार को अपने जनसंपर्क अभियान को और तेज करते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात की। सुबह ईस्ट ब्लॉक के मंझेली चौक स्थित एनडीए चुनाव कार्यालय में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनाव रणनीति पर चर्चा की। इसके उपरांत वे रामपुर, गुलाबबाग, सनौली चौक और मार्केटिंग यार्ड तक पदयात्रा के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सघन जनसंपर्क में निकले। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा मतदाताओं से एनडीए के पक्ष में मतदान कर “कमल खिलाने” की अपील की।
विजय खेमका ने कहा कि एनडीए की सरकार में कानून का राज कायम है और इसी वजह से व्यापार और रोजगार दोनों में तेजी आई है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास की गंगा बह रही है और पूर्णिया भी उसी राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मार्केटिंग यार्ड में कई विकास कार्य धरातल पर उतर चुके हैं और सरकार बनते ही यहां विकास की गति और तेज होगी। खेमका ने कहा कि जनता की सेवा को उन्होंने हमेशा अपना धर्म माना है और आने वाले समय में पूर्णिया को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान एनडीए प्रत्याशी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिनमें पवन भगत, शंभू जयसवाल, शशि सिंह, पवन सहनी, रुपेश शर्मा, जय किशन साह, सीमा झा, आशा सिंह, पुष्पा राय, मुन्ना पासवान और पप्पू कामती समेत कई स्थानीय नेता शामिल थे। पूरे इलाके में रैली के दौरान “फिर एक बार, एनडीए सरकार” के नारे गूंजते रहे और जनता ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।



