सड़क किनारे खुले में डंप हो रहा कचरा, जलाने से फैल रहा प्रदूषण

पूर्णिया, आनंद यादुका: भवानीपुर नगर पंचायत के सभी 16 वार्डों से प्रतिदिन उठाए जाने वाले कचरे को खुले में सड़क किनारे डंप किया जा रहा है। इतना ही नहीं, इस कचरे को खुलेआम जलाया भी जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भारी मात्रा में प्रदूषण फैल रहा है। स्थिति यह है कि भवानीपुर थाना के पीछे मुख्य सड़क के बगल में कचरे का अंबार लग गया है, जिससे राहगीरों का चलना भी दूभर हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कचरा फेंकने वाले सफाई कर्मी कई बार आधी सड़क पर ही कचरा गिरा देते हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। भवानीपुर से सोरकाही होते हुए बीकोठी और बिहारीगंज को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के किनारे कचरा डंप होने से दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कचरे से उठने वाली बदबू और धुएं के कारण लोग मुंह ढंककर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। थाना के पीछे बड़ी मात्रा में जमा कचरे से थाना में कार्यरत पुलिसकर्मियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सोरकाही गांव निवासी धर्मचंद यादव, नगर पंचायत निवासी डॉ. विजय भगत, उदय भगत, आयुष कुमार, राकेश पंडित, बिमल यादुका, प्रो. घनश्याम यादव समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि खुले में कचरा डंप करने से आमजन को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर पंचायत से इस समस्या का स्थायी समाधान शीघ्र निकालने की मांग की है।

अधिकारी बोले :–

नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी ने बताया कि स्थायी डंपिंग स्थल नहीं होने के कारण फिलहाल कचरा बाहर फेंकना पड़ रहा है। सफाई कर्मियों को सड़क किनारे कचरा नहीं फेंकने के निर्देश दिए गए हैं। कचरा डंप करने के लिए स्थायी डंप यार्ड हेतु जमीन की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द जमीन चिन्हित कर स्थायी कचरा डंप यार्ड का निर्माण कराया जाएगा ।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon