गांधी जयंती पर पूर्णिया के 105 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगी नई सौगात, डीएम ने किया औचक निरीक्षण

पूर्णियाँ : जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार और नवनिर्माण को लेकर चल रहे “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” के तहत कार्य तेजी से जारी है। जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान बायसी के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-06 और डगरुआ के केंद्र संख्या-35 का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।अभियान के तहत जिले के 158 आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार एवं रंग-रोगन कराया जा रहा है। इनमें से करीब 100 केंद्रों का कार्य 2 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए चिह्नित भूमि पर 59 नए भवनों का निर्माण शुरू किया गया है, जिनमें से 5 भवन गांधी जयंती तक तैयार हो जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताया, लेकिन मौके पर मिली कुछ कमियों को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जीर्णोद्धार एवं नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का उत्सवपूर्ण माहौल में शुभारंभ सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।