पूर्णिया, विमल किशोर: PURNEA NEWS नगर पंचायत अमौर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत कुल 330 लाभुकों को उनके सपनों का घर बनाने की दिशा में पहला कदम मिला, जब नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्हें एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त और वर्क ऑर्डर प्रदान किया गया। मुख्य पार्षद बीबी दिल आरा की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में उपमुख्य पार्षद सकीना, कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार एवं अन्य वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में लाभुकों को यह सौंपा गया।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शाहनवाज आलम ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और पारदर्शी प्रयासों का ही परिणाम है कि आज इतने बड़े पैमाने पर आवास निर्माण की शुरुआत हो रही है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर दूसरी और तीसरी किस्त क्रमशः कुर्सी तक और लेंटर लेवल तक पहुँचने पर दी जाएगी। साथ ही उन्होंने लाभुकों को सचेत किया कि वे किसी बिचौलिए के झांसे में न आएं और यदि किसी प्रकार की परेशानी हो तो सीधे मुख्य पार्षद से संपर्क करें।
इस अवसर पर उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि इकराम रही, वार्ड पार्षद खुशबू आरा, इफ्तखार, रहीम सागर, शादाब, शाहीन प्रवीण, मोहम्मद महमूद, नाजिम, रेहान, मुनाजिर, मिन्हाज, नसीम, तहसीर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लाभुक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में यह जानकारी भी दी गई कि अन्य 600 लाभुकों की सूची भेजी जा चुकी है और उन्हें भी जल्द ही योजना का लाभ मिलेगा।



