अररिया

ARARIA NEWS : जिले में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने के लिए 188 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात

ARARIA NEWS प्रिंस(अन्ना राय) : ईद-उल-जोहा (बकरीद) का त्यौहार कल यानि शनिवार 07 जून को मनाया जायेगा। साथ ही यह पर्व चन्द्रमा के दृष्टिगोचर होने पर निर्भर है। इस पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर विशेष सतर्कता, सुरक्षा एवं पूर्व से ही कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता है। वर्णित परिपेक्ष्य के आलोक में अररिया जिला पदाधिकारी अनिल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार द्वारा जिला संयुक्त आदेश जारी कर क्रमशः अररिया अनुमंडल में 90 एवं फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में कुल 98 स्थलों पर गश्ती दल सहित दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा प्रखंड वार शहरी/ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष दण्डाधिकारियों का साथ पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।जिला संयुक्त आदेशानुसार उक्त प्रतिनियुक्ति 7 मई से 08 मई तक के लिए की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों को 6 मई के अपराह्न में अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर पहुँचने का निर्देश दिया गया है तथा इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी तथा थानाध्यक्ष को देंगे। अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस बल निर्धारित समय पर अपना स्थान ग्रहण कर लें। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं बल दिनांक 9 मई के पूर्वाहन में अपना स्थान छोड़ेंगे, बशर्ते कि उनके क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया हो। विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर वरीय पदाधिकारियों को विशेष दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। इन्हें भी अपने क्षेत्र के सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों/पुलिस पदाधिकारियों/ प्रखंड विकास पदाधिकारियों/अंचलाधिकारियों थानाध्यक्षों एवं सम्बद्ध पदाधिकारियों से समन्वय बनाते हुए विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सभी थानाध्यक्ष यातायात व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन हेतु पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए वाहन पार्किंग की व्यवस्था, गृहरक्षक, चौकीदार-दफादार आदि की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं फारबिसगंज तथा जिला परिवहन पदाधिकारी, अररिया इस दौरान वाहन चेकिंग हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश जारी किया गया है। इसी प्रकार साफ-सफाई की व्यवस्था हेतु सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद/नगर पंचायत को निर्देशित किया गया है। अधीक्षक, मद्य निषेध, अररिया को निदेश दिया गया है कि पर्व को देखते हुए शराब बिक्री एवं निर्माण को पूर्णतः रोकने हेतु छापेमारी दल का गठन कर प्रतिदिन कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष को सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्‌वीटर, इन्स्टाग्राम पर वायरल टैक्स्ट एवं विडियो मैसेज की कड़ी निगरानी रखने तथा कहीं से भी सूचना प्राप्त होने पर अविलंब वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को ऐसे अफवाहों का खंडन करने तथा ऐसे सामाजिक स‌द्भाव बिगाड़ने वालों के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन अररिया को पर्व के दौरान जिला के सभी अस्पताल में विशेष आकस्मिक दवाओं की सुविधा उपलब्ध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06453-222309 पर कार्यरत रहेगा। इसके वरीय प्रभार में श्री शंभू कुमार रजक, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, अररिया तथा प्रभारी के रूप में मृत्युंजय पाण्डेय, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अररिया रहेंगे। अनुमंडल नियंत्रण कक्ष अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज के क्रमशः दूरभाष संख्या 06453-222070 एवं 06455-295202 पर कार्यरत रहेगा। सम्पूर्ण अनुमंडल क्षेत्र के विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रहेंगे। वहीं सम्पूर्ण जिला के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में राज मोहर झा, अपर समाहर्त्ता अररिया एवं पुलिस उपाधीक्षक (मु०), अररिया रहेंगे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *