PURNIA NEWS : युवा रंगों की नई उड़ान – कला भवन, पूर्णिया में 12 दिवसीय रंग कार्यशाला का भव्य आयोजन

PURNIA NEWS : पूर्णिया का कला भवन एक बार फिर रंगमंच, नृत्य, लोकसंगीत और चित्रकला की नई ऊर्जा से सराबोर हो उठा है। यहां नाट्य विभाग द्वारा 12 दिवसीय “युवा रंग कार्यशाला” का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 60 युवा कलाकारों को साक्षात्कार के माध्यम से चयनित किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ सांस्कृतिक जगत की चर्चित हस्तियों की उपस्थिति में हुआ। प्रसिद्ध साहित्यकार और नाटककार श्री चंद्रकांत राय, तबला गुरु इंद्रकांत झा, लोक निर्देशक राम पुकार टूटू, नृत्य निर्देशक जयदीप मुखर्जी व अमित कुमार, फिल्म अभिनेता रवि सुधा चौधरी, युवा कवि रंजीत चौधरी, कार्यशाला संयोजक विश्वजीत कुमार सिंह, नाट्य निर्देशक कुंदन कुमार सिंह, एम. एच. रहमान, और रेणु रंगमंच संस्थान के सचिव अजीत कुमार सिंह ‘बप्पा’ जैसे सांस्कृतिक शिल्पियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला की शुरुआत की। कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य है – युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें निखारना और मंच प्रदान करना।

संयोजक विश्वजीत कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को नाटक, लोक नृत्य, पेंटिंग, लोकगीत एवं संगीत जैसी विधाओं में अलग-अलग अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यशाला के बाद “युवा रंग महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियों का मंचन करेंगे।अतिथि चंद्रकांत राय ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यह कार्यशाला केवल प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। हर युवा को ईमानदारी से इस मौके का लाभ उठाना चाहिए।” प्रत्येक कला विधा के लिए अलग प्रशिक्षण हॉल उपलब्ध कराए गए हैं, जिसमें प्रशिक्षण दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चल रहा है। कार्यशाला के पहले दिन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट भी वितरित की गई। कार्यक्रम की सफलता के पीछे आयोजकों की मजबूत टीम लगी रही, जिसमें विवेकानंद सिंह, अंजनी श्रीवास्तव, शिवजी राम राव, तुषार कुमार, अदिति कुमारी, अभिनव आनंद और संजय कुमार जैसे समर्पित कलाकारों का अहम योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *