PURNIA NEWS : बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी ने बेलगाछी झउवा बांध का किया निरीक्षण, फ्लड फाइटिंग की अग्रिम तैयारी के निर्देश

PURNIA NEWS : पूर्णिया जिले में संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारी को लेकर जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार द्वारा प्रखंड डगरूआ अंतर्गत बेलगाछी झउवा बांध का स्थलीय निरीक्षण किया गया। परमान नदी की सहायक धारा से उत्पन्न खतरे को देखते हुए इस महत्वपूर्ण तटबंध का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि फ्लड फाइटिंग हेतु उच्च गुणवत्ता वाले बालू से भरे बोरे पहले से भंडारित किए जाएं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

साथ ही RWD द्वारा बनाए गए सड़क के निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंता को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, जिससे बाढ़ के समय आवागमन में कोई बाधा न हो। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से भी डीएम श्री कुमार ने सीधे संवाद स्थापित कर पिछले वर्ष की बाढ़ की स्थिति और प्रशासनिक मदद की प्रभावशीलता के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर सजग है और बाढ़ से निपटने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *