PURNIA NEWS : पटना में खेमका की दबंग दस्तक – पूर्णिया को स्मार्ट सिटी बनाने की ठोस पैरवी, मंत्री जीवेश मिश्रा से की विशेष मुलाकात

PURNIA NEWS : पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने पटना में नगर विकास एवं आवास मंत्री  जीवेश कुमार मिश्रा से मुलाकात कर पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र की लंबित और प्रस्तावित विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य योजना से स्वीकृत सड़कों और आधुनिक बस स्टैंड निर्माण के लिए स्वीकृत राशि को शीघ्र बुडको को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया। साथ ही मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए अनुशंसित 50 से अधिक सड़क और नाला निर्माण कार्यों को समय पर शुरू कराने हेतु बुडको में स्थायी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की भी मांग की। विधायक खेमका ने पूर्णिया में आधुनिक सीवरेज सिस्टम, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और स्ट्रोम ड्रेनेज वाटर सिस्टम जैसी बुनियादी परियोजनाओं के लिए आवश्यक बजट देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में पूर्णिया नगर निगम और आसपास के ग्रामीण इलाकों में केंद्र और राज्य की योजनाओं से तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने नगर निगम में स्वीकृत सभी योजनाओं के शीघ्र निष्पादन के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध भी किया। विधायक खेमका ने यह भी बताया कि “सबका साथ, सबका विकास” की सोच के तहत महिलाओं से संवाद, चौपालों और विभागीय शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया का सर्वांगीण विकास उनका संकल्प है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *