PURNIA NEWS : महिलाएं अब सिर्फ सृजनकर्ता नहीं, समाज की दिशा तय करने वाली नेतृत्वकर्ता भी हैं – मंत्री लेशी सिंह

PURNIA NEWS : बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता से यह साबित कर चुकी हैं कि वे केवल सृष्टि की सृजनकर्ता नहीं, बल्कि समाज की दिशा तय करने वाली सशक्त नेतृत्वकर्ता भी हैं। धमदाहा प्रखंड के किशनपुर बलुआ पंचायत अंतर्गत कुकरौन नं. 02 में आयोजित ‘दीदी से दिल की बात’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते उन्हें अपने क्षेत्र की जनता से गहरे स्तर पर जुड़ने का सौभाग्य मिला है और यह जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी है। मंत्री सिंह ने अपने संबोधन में भावुक होकर कहा कि धमदाहा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास की असली ताकत यहां की बहनें हैं, जो हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में यदि कोई भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा, तो यही दीदियाँ उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर विरोधियों की साजिशों को नाकाम करेंगी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज की रीढ़ बन चुकी हैं — जब एक महिला बदलती है, तो पूरा समाज बदलता है।

लेशी सिंह ने कहा कि अब समय बदल चुका है। महिलाएं घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर समाज, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल और व्यापार जैसे सभी क्षेत्रों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला सशक्तिकरण की सोच और योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल महिलाओं को योजनाओं से जोड़ा, बल्कि उन्हें नेतृत्व की कुर्सी तक पहुंचाया। पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आज उसी सोच का परिणाम है। कार्यक्रम में संचालन कर रहीं सरिता देवी, लाखो देवी, सुनीता देवी, निभा देवी, गीता देवी, पिंकी देवी, चिंता देवी, लालमुनि देवी और रूबी देवी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थीं। इसके साथ ही मंत्री सिंह ने धमदाहा प्रखंड अंतर्गत माधोनगर से कुआड़ी via बरदेला सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने इसे स्थानीय ग्रामीणों की चिरप्रतीक्षित मांग बताते हुए कहा कि यह बहुप्रतीक्षित पथ किशनपुर बलुआ, कुआड़ी, बरदेला एवं माली पंचायत को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि उन्होंने क्षेत्र की जो जिम्मेदारी ली है, उसे पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास जारी है और उनकी प्राथमिकता है कि धमदाहा क्षेत्र का हर गांव मुख्य सड़क से जुड़े। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष शंभू जायसवाल, अमर मंडल, जीतेंद्र मुखिया, भाजपा नेता अरुण चौधरी, चंद्रकांत मुखिया, मो. सजाजुल समेत कई स्थानीय नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *