चेतन आनंद के साथ एम्स में बदसलूकी के बाद सीएम हाउस एक्टिव, पूर्व सांसद आनंद मोहन को बुलावा, डीएम भी तलब

पटना: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है, जब पटना एम्स में विधायक चेतन आनंद और उनकी पत्नी के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया और पूर्व सांसद आनंद मोहन को विशेष रूप से मुख्यमंत्री आवास बुलाया गया। आनंद मोहन के साथ पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह भी सीएम हाउस पहुंचे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के जिला अधिकारी को भी मुख्यमंत्री आवास तलब किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, चेतन आनंद के एक परिजन एम्स में भर्ती थे, जिन्हें देखने के लिए वे और उनकी पत्नी अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ कर्मचारियों से झड़प हो गई और कथित तौर पर चेतन आनंद और उनकी पत्नी के साथ हाथापाई और बुरा बर्ताव किया गया। घटना के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई और सीएम हाउस भी एक्शन मोड में नजर आया।

मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आला अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है और भरोसा दिलाया है कि जो भी दोषी होंगे, उन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस मामले का रिजल्ट जल्द नज़र आएगा, क्योंकि सरकार इसे विधायक के सम्मान और कानून-व्यवस्था से सीधे जोड़कर देख रही है। इस घटनाक्रम ने जहां प्रशासन को अलर्ट कर दिया है, वहीं एम्स प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर VIP जनप्रतिनिधि के साथ ऐसी स्थिति क्यों बनी। अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री के अगले कदम और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *