
ARARIA NEWS : जनता की मांग को धरातल पर उतार रही एनडीए सरकार- सांसद
ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : नरपतगंज प्रखंड के लिए रविवार ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देने वाला दिन साबित हुआ, जब क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह और स्थानीय विधायक जयप्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीण सड़कों का यह विस्तृत नेटवर्क अब लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा, व्यापार में सरलता और आपातकालीन सेवाओं तक तेज़ पहुँच सुनिश्चित करेगा। जिन प्रमुख सड़कों की आधारशिला रखी गई या जीर्णोद्धार कार्य प्रारंभ हुआ, उनमें शामिल हैं:
प्रमुख सड़क परियोजनाएँ:
तामगंज से कन्हैली तक – लंबाई: 4.55 किमी
यह मार्ग गाँवों को मुख्य बाजार से जोड़ेगा और किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा होगी।
रामपुर से बेलसंडी (रोड संख्या-17) – लंबाई: 18.5 किमी
क्षेत्र की सबसे लंबी सड़क परियोजना, जो नरपतगंज प्रखंड को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ेगी।
हरिपुर एनएच से खाब्दह पासवान टोला तक संपर्क सड़क
यह सड़क सामाजिक समरसता और पिछड़े इलाकों के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
साह टोला से भवानीपुर मानिकपुर (पीएमजीएसवाई रोड) – लंबाई: 4 किमी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत यह मार्ग ग्रामीण बस्तियों को पक्की सड़कों से जोड़ेगा।
बथनाहा से सोनपुर तक – लंबाई: 7.5 किमी
यह सड़क किसानों, मजदूरों और छात्रों के लिए राहतकारी सिद्ध होगी। जनता को मिला विकास का भरोसा शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा,”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का जो संकल्प है, उसे हम हर गाँव और हर टोला तक सड़क पहुँचाकर पूरा कर रहे हैं। ये सड़कें सिर्फ कंक्रीट की नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत की मजबूत नींव हैं।” और इसी मजबूत नींव पर अररिया का भविष्य संजोया जा रहा है। जनता की मांग को आज हमारी सरकार धरातल पर उतार कर जन- जन के सपनों को साकार कर रहा है। स्थानीय लोगों में खुशी की लहर इन परियोजनाओं के शिलान्यास से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस खास मौके पर नरपतगंज की पूर्व विधायक देवयंती यादव, भाजपा कार्यसमिति सदस्य अजय झा, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराणा, नवीन यादव, सुधीर भगत, प्रमोद यादव संतोष मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।