PURNIA NEWS : शाम होते-होते पूर्णिया शहर बादलों के कहर में डूब गया। कुछ ही घंटों की मूसलधार बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। हालत इतनी बदतर हो गई कि शहर के लगभग हर मोहल्ले में घुटनों से ऊपर पानी भर गया और लोग घरों में कैद हो गए।

इन इलाकों में सबसे बुरा हाल
भट्ठा बाजार, लाइन बाजार, खीरू चौक, आर्यन का चौक, नवरतन मोहल्ला, चित्रवानी रोड, शिवपुरी, शक्ति नगर, रामबाग, मधुबनी, सिपाही टोला, रजनी चौक, प्रोफेसर कॉलोनी, खुश्की बाग, गुलाबबाग, बसंत बिहार, दुर्गा बाड़ी, सर्वोदय नगर और पार्वती हाता — शहर का शायद ही कोई इलाका ऐसा बचा हो जो इस बारिश से प्रभावित न हुआ हो। हर तरफ पानी ही पानी है, और लोग त्राहिमाम कर रहे हैं।

घरों और दुकानों में घुसा पानी, करोड़ों का नुकसान
व्यवसायिक क्षेत्रों में दुकानों का सामान पानी में भीगकर खराब हो गया है। कई इलाकों में घरों के अंदर तक पानी घुस गया है, जिससे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान को भारी नुकसान हुआ है। व्यापारियों ने बताया कि अकेले भट्ठा बाजार और गुलाबबाग में ही करोड़ों का माल खराब हो चुका है।

जनता का गुस्सा नगर निगम पर
लोगों का कहना है कि नगर निगम ने बारिश से पहले नालों की समुचित सफाई नहीं करवाई। जिन जगहों पर नाले हैं, वहां या तो वे जाम हैं या उनका पानी सड़कों पर उफनकर बह रहा है। खजांची चौक के एक दुकानदार ने बताया, “हर साल निगम वादा करता है, लेकिन हर बार जनता को डूबते ही देखता है।”

यातायात ठप, बच्चों-बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
सड़कों पर घुटनों से ऊपर पानी के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। स्कूल से लौट रहे बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस और बाइक सवार कई जगह फंसे रहे।

क्या करे नगर निगम? — जनता ने रखी मांग

सभी नालों की तत्काल सफाई

प्रभावित इलाकों में जल निकासी के लिए विशेष टीमों की तैनाती

नुकसान का आकलन कर मुआवजा योजना लागू

भविष्य के लिए जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण की ठोस योजना

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *