अंतिम सोमवारी पर वरुणेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दो लाख से अधिक भक्तों ने किए बाबा के दर्शन

पूर्णियाँ, आनंद यादुका: पूर्णियाँ प्रमंडल के सुप्रसिद्ध वरुणेश्वर धाम में सावन की अंतिम सोमवारी के मौके पर श्रद्धा और आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि मंदिर परिसर से लेकर पांच किलोमीटर तक पूरा इलाका बोलबम और हरहर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। अहले सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालु बाबा को जल अर्पित करने के लिए कतारबद्ध हो गए थे, और दिन भर चली पूजा-अर्चना के दौरान करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने बाबा वरुणेश्वर के दर्शन कर जलार्पण किया। इस विशाल भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस बल और मंदिर कमेटी के स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

खास बात यह रही कि भारी संख्या में महिलाएं भी अंतिम सोमवारी की पूजा के लिए पहुंचीं और पूरे श्रद्धा भाव से बाबा का अभिषेक किया। पूजा के बाद श्रद्धालु मेला में पहुंचे, जहां दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों रूपेश कुमार, राजेश कुमार, पीयूष कुमार सहित कई व्यापारियों ने बताया कि इस बार की सोमवारी में रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी, जिससे उनकी बिक्री भी बहुत अच्छी हुई। सभी दुकानदारों ने बाबा की महिमा को अपनी आजीविका का आधार बताया और बताया कि इतने भक्तों को देखकर उनकी मेहनत सफल हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *