PURNIA NEWS : पूर्णिया जिले के झील टोला में रक्षाबंधन के अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने आदिवासी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर आत्मीयता, विश्वास और सुरक्षा का बंधन जोड़ा। उन्होंने अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र उरांव, सूर्य नारायण उरांव, जितेंद्र टुड्डू, हरि कुंजूर, राजेन्द्र बेखला, मायाराम उरांव, रावण उरांव, धर्मेन्द्र उरांव सहित कई आदिवासी भाइयों को तिलक लगाकर, आरती उतारकर और शुभकामनाएं देकर पारिवारिक रिश्तों को और प्रगाढ़ किया। कार्यक्रम में आदिवासी समुदाय ने ढोल-मांदर की थाप, फूल मालाओं और स्वागत गीतों से पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर लेशी सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर एक ऐसा वचन है जिसमें एक-दूसरे की खुशियों, सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी शामिल है। उन्होंने अपने आदिवासी ग्राम मलिनिया में जन्म और इस समाज से गहरे भावनात्मक रिश्ते का उल्लेख करते हुए सेवा और विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। अचानक कार्यक्रम में पहुंचकर रक्षा सूत्र बांधने की उनकी पहल से आदिवासी समाज के लोग अचंभित और उत्साहित दिखे, वहीं पारंपरिक कला नृत्य में मंत्री के शामिल होने पर उपस्थित समूह ने “जोहार-जोहार” के नारों से उनका स्वागत किया।




