PURNIA NEWS : ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल, मधुबनी, पूर्णिया में आज गर्व और उत्साह का माहौल रहा, जब जिला स्तरीय अस्मिता ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली पूर्णिया की बेटी टीया झा का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दिव्या भारती और इशिता शर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक विजय कुमार खेमका, प्रदेश सह-संयोजक (चिकित्सा प्रकोष्ठ) डॉ. संजीव कुमार और प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के संचालक अनिकेत कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान हमेशा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा और उन्हें आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगा। इस अवसर पर जन्माष्टमी महोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया।
बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और अतिथियों का गुलदस्तों से स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या मधु झा, शिक्षिकाएं मुस्कान झा, अनया अंसारी, शिल्या कुमारी, त्रिशा सिन्हा, मनीषा सिंह, शिक्षक आनंद कुमार तथा समाजसेवी शुभम वर्मा उपस्थित रहे। टीया की सफलता के पीछे ताइक्वांडो एसोसिएशन पूर्णिया के सेक्रेटरी संतोष कुमार चौहान और विद्यालय के डायरेक्टर अनिकेत कुमार सिंह का मार्गदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।
विधायक खेमका ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार खेलो इंडिया जैसी योजनाओं से निरंतर प्रोत्साहन दे रही है। पूर्णिया में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए स्टेडियम निर्माण व अन्य कार्य हो रहे हैं। डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को भी महत्व देना ज़रूरी है, क्योंकि यही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ने कहा कि माता-पिता ही वे सच्चे कारीगर हैं, जो जन्म से लेकर युवावस्था तक अपने बच्चों को मेहनत, समय और संस्कार देकर समाज और देश के योग्य बनाते हैं।




