पूर्णिया के सभी विद्यालयों में एक साथ आयोजित हुआ तिथि भोजन, बच्चों को मिला विशेष मध्याह्न भोजन

अंग इंडिया संवाददाता : पूर्णिया। जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश के आलोक में जिले के सभी विद्यालयों में एक साथ तिथि भोजन का आयोजन कर बच्चों को विशेष मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया गया। इस पहल का उद्देश्य मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में स्थानीय सहभागिता को बढ़ावा देना है।

उल्लेखनीय है कि तिथि भोजन एक ऐसी संकल्पना है, जिसके तहत स्थानीय व्यक्तियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सहयोगियों के माध्यम से बच्चों को विशिष्ट अवसरों जैसे जन्मदिन, त्योहार अथवा अन्य शुभ अवसरों पर सुस्वादु एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

इसी क्रम में 13 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि जिले में तिथि भोजन की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एमडीएम प्रभारी को तिथि भोजन की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात सभी प्रखंड साधन सेवियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। निर्देशों के अनुपालन में अधिकांश विद्यालयों में बच्चों को दही-चूड़ा परोसा गया, जबकि कुछ विद्यालयों में स्थानीय सुस्वादु व्यंजन मध्याह्न भोजन के रूप में उपलब्ध कराए गए।

इस सामूहिक आयोजन से न केवल बच्चों में उत्साह देखा गया, बल्कि विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता भी मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *