PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय में झंडोत्तोलन के बाद अनुकंपा व प्रोमोशन समिति गठन की मांग

PURNIA NEWS : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्र नेता सौरभ कुमार ने पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन से एक अहम मांग रखी है। गुरुवार को उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलसचिव को एक आवेदन सौंपते हुए कहा कि झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति को अनुकंपा समिति का गठन और प्रोमोशन समिति का गठन करने की घोषणा करनी चाहिए।

सौरभ कुमार ने आवेदन में उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से ही तृतीय व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। उन्होंने बताया कि पूर्णिया विश्वविद्यालय क्षेत्र के अंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मचारी कई बार प्रमोशन से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

छात्र नेता ने कहा कि लंबे समय से अनुकंपा नियुक्तियों के मामले भी लंबित हैं, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन को इस दिशा में ठोस पहल करते हुए समिति गठन की औपचारिक घोषणा करनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके और वर्षों से लंबित मामलों का समाधान हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *