PURNIA NEWS : सेविका का बेटा बना डॉक्टर, नियुक्ति की खबर से रूपौली प्रखंड में खुशी की लहर

PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : रूपौली प्रखंड के बैरिया गांव के रहने वाले डॉ. शानु सत्यम ने चिकित्सक बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी नियुक्ति बायसी प्रखंड अंतर्गत बैरिया एपीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पर हुई है। पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने उन्हें नियुक्ति-पत्र सौंपा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नवनियुक्त डॉक्टर शानु सत्यम, सेविका चंदा देवी एवं व्यवसायी सह किसान अशोक जायसवाल के पुत्र हैं। उन्होंने 2017 में ब्राइट कैरियर, पूर्णिया से इंटर की पढ़ाई पूरी की, इसके बाद कोटा में नीट की तैयारी कर 2019 में परीक्षा क्वालिफाई किया। इसके बाद उनका नामांकन माता गुजरी मेडिकल कॉलेज, किशनगंज में हुआ, जहाँ से उन्होंने मार्च 2025 में एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। हाल ही में हुई चयन प्रक्रिया में वे जिले से चयनित 11 अभ्यर्थियों में 8वें स्थान पर रहे।

नियुक्ति की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। पिता अशोक जायसवाल और माता चंदा देवी ने कहा कि यह सभी के आशीर्वाद और भगवान की कृपा से संभव हो पाया है। परिवार के लिए गर्व की बात यह भी है कि उनका दूसरा बेटा सौरभ कुमार वर्तमान में उसी कॉलेज में फार्मासिस्ट के अंतिम वर्ष का छात्र है। इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह, जिप सदस्य प्रतिमा सिंह, मुखिया अमीन रविदास, पंचायत समिति सदस्य संजय साह, ग्रामीण शिवशंकर मंडल, अमित पंडित, कुंदन कुमार, प्रमोद दास, विनोद पासवान सहित कई लोगों ने बधाई दी और कहा कि डॉ. शानु ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *