पूर्णिया में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ बनी जनसैलाब का प्रतीक, जगह-जगह लगा जाम, लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह

पूर्णिया: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 24 अगस्त को पूर्णिया में ऐतिहासिक जनसमर्थन के साथ सम्पन्न हुई। बिहार के विभिन्न जिलों से उमड़े हजारों लोगों ने इस यात्रा को जनआंदोलन में तब्दील कर दिया। यात्रा की शुरुआत बेलौरी से हुई, जो लाइन बाजार, पंचमुखी मंदिर और रामबाग होते हुए कसबा से अररिया की ओर रवाना हुई। इस दौरान पूरा शहर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा। यात्रा में शामिल लोग घंटों तक सड़कों पर डटे रहे, जिसके कारण कई क्षेत्रों में भारी जाम लग गया। करीब 5 किलोमीटर लंबी कतार में वाहनों और पैदल लोगों का हुजूम देखा गया।

राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव बुलेट गाड़ी पर सवार होकर इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे, जबकि उनके पीछे सैकड़ों चार पहिया और दो पहिया वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था। जनसैलाब को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले ही पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई थी, जिसके तहत पूर्णिया–महेशपुर–चौंदपुर मार्ग, गुड्डा चौक, जीरो माइल, बेलौरी चौक, फोर्ड चौक, पंचमुखी मंदिर, रामबाग, कप्तान पुल, लाइन बाजार, रजनी चौक समेत कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से दोपहर तक विभिन्न समयावधियों में यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रखा गया।

Rahul Gandhi

राष्ट्रीय राजमार्ग 131A पर पूर्णिया जिले की सीमा के भीतर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और पूर्णिया से अररिया जाने वाले मार्ग पर कसबा से अररिया तक सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई थी। पुलिस ने इस दौरान यातायात की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए जगह-जगह बल की तैनाती की थी। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी जानकारी या परेशानी की स्थिति में यातायात थाना प्रभारी (मोबाइल: 9031827677) या पुलिस वाहन नियंत्रक (मोबाइल: 9031827778) से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *