पूर्णिया: पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने बुधवार को निर्माणाधीन पूर्णिया एयरपोर्ट का जायजा लिया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट पूर्णिया वासियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। कुशवाहा ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण में कई तकनीकी अड़चनें आईं, जिन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समय रहते प्राथमिकता देकर दूर कराया।
इससे यह सुनिश्चित हुआ कि निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल एयरपोर्ट पोर्टा केबिन आधारित है, लेकिन भविष्य में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण एयरपोर्ट का निर्माण होगा, जो क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। पूर्व सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट की घोषणा के बाद से वे लगातार सदन के भीतर और बाहर नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कुछ लोगों की आलोचना की जो बिना वास्तविक योगदान के इस परियोजना का क्रेडिट लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उनका कहना था कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो रातोंरात पूरी नहीं होती। संतोष कुशवाहा ने कहा कि 15 सितंबर के उद्घाटन के दिन की सभी बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं और इस उपलब्धि के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आभारी हैं। इस अवसर पर कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिनमें संजय राय, संतोष मिश्रा, राजेश गोस्वामी, मुकुंद कुमार मंडल, रमेश गुप्ता, शंकर मेहता, मनोज विश्वास, उपेंद्र साह, अविनाश कुमार सिंह, निरंजन मंडल, सुशांत कुशवाहा, अजय सिंहा, दिलीप पासवान, चंदन मजूमदार और प्रकाश शाह शामिल थे।



