
कांग्रेस–राजद समर्थकों की अभद्र भाषा के विरोध में भाजपा ने किया धरना प्रदर्शन, सांसद प्रदीप कुमार सिंह हुए शामिल
अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कांग्रेस और राजद समर्थकों द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनकी स्वर्गवासी माता जी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणियों और असंवेदनशील भाषा के खिलाफ आज अररिया जिला भाजपा ने सशक्त विरोध दर्ज कराया। जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में अररिया कचहरी धरना स्थल पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह भी उपस्थित रहे और कांग्रेस–राजद समर्थकों की ओछी और असंस्कारी राजनीति की कड़ी निंदा की।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि –”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उनकी लोकप्रियता और जनसमर्थन से घबराकर विपक्ष लगातार स्तरहीन राजनीति पर उतर आया है। कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं द्वारा प्रयोग की गई भाषा न केवल अमर्यादित है, बल्कि बिहार की संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं पर भी कलंक है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और देश की जनता इस प्रकार की ओछी राजनीति का करारा जवाब आगामी चुनावों में देंगे। इस विरोध प्रदर्शन में फारबिसगंज के विधायक विद्यासागर केसरी, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, देवयंती यादव, जिला महामंत्री आकाश राज, कृष्ण कुमार सैनानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय झा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष दिव्यमूर्ति संदीप, जिला मंत्री नीरज झा, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला, जिला प्रवक्ता अविनाश सिंह, एवं जिला भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।