ARARIA NEWS : जीविका दीदियों के लिए ‘दीदी अधिकार केंद्र’ का सिकटी में उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगी कानूनी मदद

ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : अररिया जिले के सिकटी प्रखंड में जीविका दीदियों के लिए एक नया “दीदी अधिकार केंद्र” खोला गया है। इस केंद्र का उद्घाटन शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय भवन में किया गया। इस पहल का उद्देश्य जीविका से जुड़ी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें कानूनी सहायता व परामर्श देना है।

समाजिक सशक्तिकरण की नई पहल

इस केंद्र का उद्घाटन सिकटी प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री परवेज आलम, जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री समीऊल हसन, प्रबंधक सामाजिक विकास चंदा कुमारी और सभी सीएलएफ (ग्राम संगठन) की लीडर्स ने मिलकर किया।यह केंद्र जीविका दीदियों के लिए एक बड़ा सहारा बनेगा, खासकर उन मामलों में जहां उनके अधिकारों का हनन होता है। इस केंद्र के माध्यम से महिलाएं घरेलू हिंसा, छेड़खानी, और अन्य लैंगिक उत्पीड़न के मामलों में मदद, परामर्श, और कानूनी सहायता पा सकेंगी।

एक ही जगह मिलेगा सभी समस्याओं का समाधान

केंद्र में एक विशेष कर्मचारी की नियुक्ति की गई है, जो जीविका दीदियों की शिकायतों को दर्ज करेगी और उन्हें उचित मार्गदर्शन देगी। अब महिलाओं को कानूनी सहायता के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगा।यह केंद्र जीविका दीदियों के आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। अररिया जिले में यह दूसरा केंद्र है, इससे पहले फॉरबिसगंज प्रखंड में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है। आने वाले दिनों में जिले के सभी प्रखंडों में ऐसे केंद्र खोले जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जीविका दीदियों को इसका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *