PURNIA NEWS : श्रीनगर थाना पुलिस ने एसटीएफ पूर्णिया और मधेपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आलमनगर थाना क्षेत्र (मधेपुरा) से फिरौती के लिए अपहृत दो वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने अपहरण की साजिश में शामिल दो आरोपितों को भी दबोच लिया, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सौंप दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान खगड़िया जिले के बेलदौर निवासी अनिल सिंह (पिता गणेश सिंह) और पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर जगेली निवासी रमेश मंडल (पिता रामदेव मंडल) के रूप में की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अपहरण कांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।


