PURNIA NEWS : बिहार के बेगूसराय जिले के एक अत्यंत पिछड़े गांव में एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है। यहां मुसहर समाज ने अपने आराध्य देवी कामां मां के मंदिर का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता हीराबा के नाम पर रखने का फैसला लिया है। यह कदम राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा की पहल पर उठाया गया। उन्होंने इस गांव को गोद लेकर इसके सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है। राकेश सिन्हा ने ग्रामीणों से निवेदन किया कि मां कामां मंदिर को प्रधानमंत्री की माता हीराबा के नाम से जोड़ा जाए, जिसे समाज के लोगों ने बड़े सम्मान और सहमति के साथ स्वीकार कर लिया।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रवक्ता दिलीप कुमार दीपक ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जिस बिहार में विपक्षी नेताओं ने मंच से प्रधानमंत्री की मां को गालियां देकर राज्य की गरिमा को ठेस पहुंचाई थी, उसी बिहार की जनता ने मंदिर का नामकरण कर विरोधियों की नफरत का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम न सिर्फ हीराबा को श्रद्धांजलि है, बल्कि बिहार की मिट्टी के संस्कार और आस्था की झलक भी है। जानकारी के अनुसार, जल्द ही इस मंदिर का विधिवत उद्घाटन राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा किया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि यह नामकरण समाज में एकता, सम्मान और विकास की नई मिसाल कायम करेगा।



