फारबिसगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी आग, लाखों की दवाएं जलकर राख

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): फारबिसगंज के राम मनोहर लोहिया पथ पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के स्टॉक रूम में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस आग में लाखों रुपये की दवाएं और अन्य सामान जलकर राख हो गए। यह घटना सुबह करीब पौने पांच बजे हुई, जब तेज बारिश भी हो रही थी।

  • शॉर्ट सर्किट या साजिश? जांच जारी

स्थानीय लोगों ने तुरंत पीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव बसाक और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अस्पताल प्रबंधन इसे शॉर्ट सर्किट बता रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के समय बिजली नहीं थी। यह घटना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने आयुर्वेदिक अस्पताल वाले भवन में हुई, जिसका उपयोग दवाओं के स्टॉक और अन्य विभागीय कार्यों के लिए किया जाता था। डॉ. राजीव बसाक ने कहा कि आग में लाखों की दवाओं के जलने का अनुमान है और सही आंकड़ा स्टॉक मिलाने के बाद ही पता चल पाएगा।

  • अतिक्रमण और लापरवाही पर सवाल

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग पर भी कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल के सामने सड़क पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण है, जहां फल और अन्य दुकानें लगी रहती हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में गाड़ियों को पहुँचने में दिक्कत होती है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के काले कारनामों को छिपाने के लिए भी आग लगाई जा सकती है, और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अब यह जांच का विषय है कि आग कैसे लगी और इसके पीछे का असली कारण क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *