पूर्णिया एयरपोर्ट उद्घाटन के मंच से बोले सीएम नीतीश कुमार — “पीएम मोदी ने बिहार के लिए जितना किया, उतना किसी ने नहीं किया”

पूर्णिया: आज का दिन बिहार और विशेषकर सीमांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया और बिहार को लगभग ₹40,000 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न केवल पीएम मोदी की खुले दिल से प्रशंसा की, बल्कि एनडीए की एकजुटता का भी दमदार संदेश दिया।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों के लिए जितना काम करवाया है, उतना किसी और ने नहीं किया। इसके लिए हम उनका दिल से धन्यवाद करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति बदहाल थी, लेकिन जब से एनडीए सरकार बनी है, तब से राज्य ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। नीतीश कुमार ने मंच से यह भी स्वीकार किया कि बीच में वे कुछ समय के लिए अलग हुए थे, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट किया कि “अब हम हमेशा साथ रहेंगे। NDA पूरी तरह एकजुट है और किसी भी हाल में अलग नहीं होंगे।”

सीएम ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में बिहार में एक करोड़ से ज्यादा नौकरियां और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “चुनाव से पहले तक 50 लाख से ज्यादा नौकरी और रोजगार हो जाएंगे और अगले 5 साल में यह आंकड़ा 1 करोड़ के पार पहुंच जाएगा।” उन्होंने पेंशन योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं को ₹1100 मासिक पेंशन दी जा रही है। साथ ही, हर घर में बिजली पहुंचाई गई है और 125 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है।

जनसभा में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने मंच से आग्रह किया कि सभी लोग खड़े होकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि “बिहार अब अंधेरे, पिछड़ेपन और बेरोजगारी के दौर को पीछे छोड़ चुका है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नई उड़ान भर रहा है।” इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कई केंद्रीय मंत्री, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री, और एनडीए के तमाम नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने पूर्णिया एयरपोर्ट के मॉडल का निरीक्षण करने के बाद चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनसे सीमांचल के परिवहन नेटवर्क को बड़ा बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *