पूर्णिया की धरती से पीएम मोदी का तीखा प्रहार: कांग्रेस और RJD पर जमकर बरसे, बोले – ‘परिवारवादियों से देश को बचाना है’

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में आज एक भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां राज्य को ₹36,000 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी, वहीं राजनीतिक मंच से कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखे हमले भी किए। प्रधानमंत्री ने मंच से कहा कि “देश को परिवारवादियों से बचाना है” और दावा किया कि एनडीए एकजुट है और देश के विकास को पीछे नहीं जाने देगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और राजद को ‘घोटालों और जंगलराज’ की पहचान बताया, और कहा कि जो लोग आज विकास की बातें करते हैं, वे वही हैं जिन्होंने बिहार को पिछड़ेपन की गर्त में धकेला। उन्होंने कहा:

“राजद और कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड घोटालों, लूट और जातीय नफरत से भरा है। ये लोग बिहार को सिर्फ वोट बैंक मानते हैं, हमने इसे विकास का हकदार माना है।”

उन्होंने आगे कहा कि “ये परिवारवादी पार्टियां सिर्फ अपने परिवारों का भला चाहती हैं, गरीबों, पिछड़ों और किसानों से इनका कोई वास्ता नहीं है। बिहार को इनसे सतर्क रहना होगा।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों के लिए काम किया है — ग़रीबों के लिए पक्के घर, फ्री राशन, उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन, फ्री टीकाकरण और अब फ्री बिजली यूनिट जैसी योजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से अपील की कि वे “उन लोगों के झाँसे में न आएं जो सिर्फ सत्ता में वापस आने के लिए झूठे वादे कर रहे हैं।” सभा में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि “पीएम मोदी ने बिहार के लिए जितना किया है, उतना किसी सरकार ने नहीं किया। हम पहले कुछ समय के लिए अलग हो गए थे, लेकिन अब हम हमेशा साथ रहेंगे। NDA एकजुट है।” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *