अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बिहार में ‘गौ माता को राष्ट्र माता’ घोषित कराने के उद्देश्य से ‘गौ मतदाता संकल्प यात्रा’ की शुरुआत की है। इस यात्रा के माध्यम से उन्होंने बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ते हुए घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव में सभी विधानसभा क्षेत्रों में गौ भक्त प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
- प्रमुख दलों पर साधा निशाना
शंकराचार्य ने कहा कि उन्होंने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सनातन के नाम पर वोट लेने वाली यह पार्टी गौ रक्षा में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों की संख्या बढ़ने के साथ ही बूचड़खानों की संख्या भी बढ़ी है। शंकराचार्य ने कांग्रेस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बैल को चुनाव चिन्ह के रूप में इस्तेमाल करने के बावजूद पार्टी ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित नहीं किया।
- जो हमारी माई के साथ नहीं, वह हमारा भाई कैसे हो सकता’
शंकराचार्य ने कहा कि अब मजबूरी में उन्हें खुद बिहार विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो हमारी माई (गौ माता) के साथ नहीं, वह हमारा भाई कैसे हो सकता।” उन्होंने सभी सनातनी हिंदुओं से गौ भक्तों के लिए मतदान करने की अपील की, ताकि गौ माता की रक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे, क्योंकि यह केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की भी आधारशिला है। इस ‘गौ मतदाता संकल्प यात्रा’ की शुरुआत माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी से हुई। उम्मीदवारों के नामांकन के बाद उनके नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।



