ARARIA NEWS : जन सुराज के संभावित प्रत्याशी मोहन आनंद झा शराब के नशे में दुर्व्यवहार के आरोप में भेजे गए जेल

ARARIA NEWS,अररिया/प्रिंस(अन्ना राय) : जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता और फारबिसगंज से संभावित प्रत्याशी माने जा रहे मोहन आनंद झा उर्फ मोहन झा को शराब के नशे में अपनी मकान मालकिन के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन पर गाली-गलौज और साड़ी फाड़ने का भी आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी, वार्ड संख्या 3 की निवासी रूबी देवी ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि उनके किराएदार मोहन आनंद झा रविवार रात को शराब के नशे में घर आए। नशे की हालत में उन्होंने घर के गैस सिलेंडर को खुला छोड़ दिया। जब रूबी देवी ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने आग लगाकर सबको मार डालने की धमकी दी।रूबी देवी के अनुसार, मोहन आनंद झा ने उनके साथ गाली-गलौज की और उनकी साड़ी फाड़कर दुर्व्यवहार किया। जब रूबी देवी के पति अनिल कुमार मंडल और बेटे रवि सुमन उन्हें बचाने आए, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि मोहन आनंद झा ने उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर फारबिसगंज पुलिस मौके पर पहुँची और मोहन आनंद झा को गिरफ्तार कर लिया। फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है, और आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *