गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर फारबिसगंज में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, महापुरुषों को दी गई श्रद्धांजलि

On the eve of Republic Day, a wave of patriotism swept through Forbesganj, tributes were paid to great men.

संवाददाता / प्रिंस कुमार / अररिया

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन की ओर से शहर में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने आज़ादी के नायकों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहर के सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। यहां अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन, डीएसपी मुकेश कुमार साहा, डीसीएलआर अमित कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी, कार्यपालक पदाधिकारी रणधीर लाल और उप मुख्य पार्षद नूतन भारती भी मौजूद रहीं।

इसके बाद प्रशासनिक दल शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुंचा और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पोस्ट ऑफिस चौक पर चंद्रशेखर आज़ाद, सुल्तान पोखर रोड पर महाराणा प्रताप, कोठीहाट चौक पर लाल बहादुर शास्त्री, गोढ़ियारी चौक पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, धर्मशाला चौक पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद, फैंसी मार्केट परिसर में बाबू वीर कुंवर सिंह तथा स्टेशन चौक पर पंडित रामदेनी तिवारी ‘द्विजदेनी’ की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।

इस आयोजन में स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई भव्य झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत झांकियों के माध्यम से लोगों का मन मोह लिया। स्काउट गाइड, एनसीसी कैडेट्स के मार्च पास्ट और घोष दल की देशभक्ति धुनों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा।

माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महापुरुषों का जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज और देश का मान बढ़ाएं।

कार्यक्रम में अवर निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कृष्ण, थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, वार्ड पार्षद चांदनी सिंह, संजय कुमार (जागरण कल्याण भारती), अरुण सिंह, शाहजहां शाद, वाहिद अंसारी, मनोज जायसवाल, सूर्यनारायण गुप्ता, राशिद जुनैद, बैजनाथ प्रसाद, कुंदन सिंह, रमेश सिंह, रजनीकांत झा, पंडित प्रमोद मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।