SAHARSA NEWS,अजय कुमार : लहटन चौधरी कालेज पस्तवार एवं इवनिंग कालेज सहित शेष बचे महाविद्यालय को अनुदान भुगतान को लेकर सिंडीकेट सदस्य मेजर गौतम ने भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के कुलपति से मांग की है।उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अनुदानित कॉलेजों के शिक्षकों की अहम भूमिका है। लेकिन उनके योगदान के अनुरूप उन्हें अब तक उचित सम्मान नहीं मिल पाया है। कुछ बेहतर की आस में वर्षों से बैठे इन कालेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी को वेतन देने के नाम पर राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2008 से परीक्षाफल आधारित अनुदान देना शुरू किया गया है। लेकिन अनुदानित कालेजों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करने में अब तक असमर्थ बने हुए हैं।
राज्य सरकार से देय अनुदान राशि उनके लिए ऑक्सीजन का काम तो अवश्य ही करती है। विगत कई महीनों पूर्व उक्त दोनों कालेज सहित शेष बचे महाविद्यालय के लिए राज्य सरकार से आवंटित अनुदान राशि को निर्गत करने में बी एन मंडल विश्वविद्यालय प्रशासन की रफ्तार धीमी है।विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इवनिंग कॉलेज सहरसा एवं लहटन चौधरी कॉलेज पसतबार सहरसा को राज्य सरकार से आवंटित अनुदान राशि अब तक नहीं भेजा गया है।ऐसे में इन कालेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी दुर्गा पूजा,दीपावली एवं छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के समय भी खुशियां मनाने से वंचित रह जाएंगे।उन्होंने कहा कि भुगतान की दिशा में सकारात्मक पहल करने की कृपा की जाय।



