PURNIA NEWS : संस्कार भारती ने झिझिया उत्सव की रखी नींव

PURNIA NEWS : संस्कार भारती पूर्णिया इकाई ने शहर में पहली बार झिझिया उत्सव का आयोजन कर एक नई शुरुआत की। यह प्रयास उस लोकनृत्य परंपरा को पुनर्जीवित करने का है जो धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है और आज केवल मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित रह गई है। जिला सांस्कृतिक पदाधिकारी पंकज पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए अगले वर्ष से सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया। समाजसेवी पल्लवी मिश्रा ने कहा कि यह पहल हमें हमारी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में माउंट कार्मल इंग्लिश स्कूल के प्रिंसिपल उदय शंकर प्रसाद सिंह और सीनियर सेकेंडरी पूर्णिया हाई स्कूल के प्रिंसिपल विनय कुमार ने वादा किया कि अगली बार उनके स्कूलों के बच्चे भी इस उत्सव में भाग लेंगे। संगीत शिक्षक विजय कुमार दास और अमरनाथ झा ने भी आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

संस्कार भारती पूर्णिया इकाई के नृत्य निर्देशक अनमोल कुमार और अभिमन्यु कुमार ने बच्चियों को तैयार कर मनमोहक झिझिया नृत्य प्रस्तुति कराई। इसके साथ ही दिवाकर एंड ग्रुप और रामबाग हाई स्कूल के बच्चों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राष्ट्रीय स्तर की गायिका श्रुति ने देवी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संस्कार भारती की जिला संयोजक कुमारी चांदनी शुक्ला और प्रदेश कला संयोजक (उत्तर बिहार) अमित कुमार ने बताया कि यदि सहयोग मिलता रहा तो अगले वर्ष इसे महोत्सव का रूप दिया जाएगा।

संस्कार भारती पूर्णिया इकाई के संस्थापक सदस्य एवं सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सचिव मनोरंजन जी, हास्य कलाकार राज सोनी, वरिष्ठ रंगकर्मी कुंदन सिंह और चित्रकार सागर कुमार दास भी कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल की सराहना की। पूरे आयोजन की बागडोर नयन राज, रवि और किशन सिंह ने संभाली। अंत में कार्यक्रम संयोजक चांदनी शुक्ला ने सभी का आभार व्यक्त किया और विशेष धन्यवाद सत्यार्थी दुर्गा पूजा फाउंडेशन समिति रामबाग और अभिजीत आनंद को दिया, जिन्होंने प्रांगण उपलब्ध कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *