Bihar Election 2025: हम बस मान्यता चाहते हैं, पद नहीं” — जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, बोले सीट न मिली तो भी एनडीए में रहेंगे

Bihar Election 2025

पटना: Bihar Election 2025 एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर जारी मंथन के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बुधवार (8 अक्टूबर 2025) को चौंकाने वाला बयान दिया है। मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) किसी पद या बड़ी संख्या में सीटों की मांग नहीं कर रही, बल्कि सिर्फ विधानसभा में मान्यता प्राप्त दल का दर्जा चाहती है।

मांझी ने कहा —

“हमारे यहां सीट का कोई झगड़ा नहीं है। हम न मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, न उपमुख्यमंत्री। बस इतना चाहते हैं कि हमारी पार्टी को मान्यता मिले, यही हमारी मुख्य मांग है।”

जब उनसे पूछा गया कि अगर यह मांग पूरी नहीं हुई तो क्या वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, इस पर मांझी ने साफ कहा —

“अगर ऐसा होता है तो हम एक भी सीट पर नहीं लड़ेंगे, लेकिन एनडीए में बने रहेंगे।”

सूत्रों के मुताबिक, मांझी को सात सीटें दी जा सकती हैं, लेकिन वे 15 सीटों पर अड़े हुए हैं। वहीं, चिराग पासवान भी सीटों को लेकर असंतोष जाहिर कर चुके हैं। यही वजह है कि एनडीए की ओर से सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा अब तक नहीं हो पाई है।

हालांकि, मांझी के बयान से यह तो साफ हो गया है कि वे किसी भी हाल में एनडीए गठबंधन से बाहर नहीं होंगे, और जो भी निर्णय होगा, उसमें वे गठबंधन के साथ खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *