छठ पर्व को लेकर विधायक विजय खेमका सक्रिय, 46 घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

पूर्णिया: सदर विधायक विजय खेमका ने नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 46 छठ पूजा घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया है। उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ न केवल बिहार बल्कि पूरे देश और विश्व में पवित्रता, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ मनाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है, इसलिए घाटों की स्वच्छता, किनारों पर बैरिकेडिंग, चेंज रूम, शौचालय और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नगर निगम द्वारा अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए।

विधायक खेमका ने दीपावली से पहले शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़ा-कचरा निस्तारण, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नई लाइट लगाने, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और फॉगिंग कार्य कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन घाटों को डेंजर जोन के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग और आवश्यक प्रबंध किए जाएं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

विधायक ने कहा कि छठ पर्व सनातन धर्मावलंबियों की आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो बिहार की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *