Purnia News: भूमि विवाद को लेकर भवनदेवी टोला में हिंसक झड़प, दोनों पक्षों के दर्जन भर लोग घायल

पूर्णिया, आनंद यादुका: Purnia News रविवार सुबह पूर्णिया जिले के भवनदेवी टोला में डीहवास की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई, जिसमें लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के करीब दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से भवानीपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसके चौधरी ने सभी की हालत गंभीर पाकर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

झड़प में एक पक्ष के अशोक शर्मा, अमित कुमार, अरुण शर्मा, अखिलेश शर्मा, विपिन कुमार तथा दूसरे पक्ष के राजू पोद्दार, प्रदीप पोद्दार, सोनू पोद्दार, सुशीला देवी समेत अन्य घायल हुए हैं। बताया गया कि अशोक शर्मा अपने भाइयों के साथ जमीन पर घेरा कर रहा था, तभी पड़ोसी राजू पोद्दार ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ा और देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक संतलाल उरांव व शैलेश कुमार सिंह दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और दोनों पक्षों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि एक पक्ष द्वारा आवेदन दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *