ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज मंगलवार को पूरे फारबिसगंज में भक्ति, श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़ा और पारण किया।
घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के विभिन्न छठ घाटों पर मंगलवार की सुबह भारी संख्या में व्रती और श्रद्धालु जुटे। अलख बाबू पोखर, सुल्तान पोखर, पंच हुकम सरोवर, कोठीहाट नहर और अन्य घाटों को इस अवसर पर भव्य और आकर्षक रूप से सजाया गया था। घाटों पर लाइटिंग और साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य
छठी मैया और सूर्य देव को समर्पित इस पावन अवसर पर व्रतियों ने पारंपरिक गीत गाए और पूरी शुद्धता के साथ पूजा-अर्चना की। सुबह के समय जैसे ही उदीयमान सूर्य की पहली किरणें निकलीं, व्रतियों ने पानी में खड़े होकर, विधि-विधान से अर्घ्य दिया। इसके साथ ही व्रतियों ने सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ भगवान भास्कर और छठी मैया से आशीर्वाद मांगा। पर्व की भव्यता घाटों पर विभिन्न पूजा समितियों और नगर परिषद प्रशासन द्वारा व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए थे। छठ घाटों पर रोशनी, सुरक्षा और महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था देखने को मिली। पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्साह और धार्मिक माहौल रहा। छठ पर्व के सफल आयोजन ने एक बार फिर फारबिसगंज की सामाजिक समरसता और अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।



