SAHARSA NEWS,अजय कुमार :आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज सोनबरसा प्रखंड के हाई स्कूल मैदान, सोनबरसा के प्रांगण में स्वीप कार्यक्रम के तहत एक भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना रहा ।कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आईं 400 से अधिक जीविका दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई । जीविका दीदियों की उपस्थिति से पूरा वातावरण उत्साह और देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा ।इस अवसर पर सहरसा जिले की स्वीप आइकन एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अपूर्व प्रियदर्शी ने अपनी प्रेरणादायक उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई ।
उन्होंने गीतों और संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया और कहा कि “हर वोट की कीमत होती है, एक-एक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाता है ।कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने “पहले मतदान, फिर जलपान” और “एक वोट, एक जिम्मेदारी” जैसे प्रभावशाली नारों के साथ जन-जन को मतदान के लिए प्रेरित किया । विद्यालय परिसर में आयोजित आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता और मतदाता शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे । दीदियों ने सामूहिक रूप से मतदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली ।
डीपीएम जीविका श्लोक कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है जब हर पात्र मतदाता अपने मत का प्रयोग करेगा । जीविका दीदियाँ समाज में परिवर्तन की वाहक हैं, और उनके प्रयास से इस बार सहरसा जिले का मतदान प्रतिशत निश्चित रूप से बढ़ेगा । बीपीएम नूतन कुमारी ने कहा कि “मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है । जीविका दीदियाँ जिस लगन और समर्पण से मतदाता जागरूकता अभियान चला रही हैं, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है ।वहीं जीविका प्रबंधक सुनील कुमार ने कहा कि “स्वीप कार्यक्रम के तहत ऐसे आयोजन लोकतंत्र के प्रति जन-आस्था को और सशक्त करते हैं । जीविका दीदियों की यह भागीदारी लोकतंत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रही है ।



