PURNIA NEWS : 5 नवम्बर को होगी भव्य देव दीपावली, सौरा नदी तट पर गूंजेगा भजन और महाआरती का स्वर

PURNIA NEWS : पूर्णिया में इस वर्ष भी श्रीराम सेवा संघ के तत्वावधान में 5 नवम्बर को सौरा नदी तट पर भव्य देव दीपावली एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जहां पूरे घाट को दीपों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बनारस से आए प्रसिद्ध पंडितों और स्थानीय श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती की जाएगी, जिससे सौरा तट बनारस के दशाश्वमेध घाट की झलक पेश करेगा।

आयोजन समिति के संस्थापक राणा प्रताप सिंह और संचालक आतिश सनातनी ने बताया कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य और दिव्य होगा। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, पार्किंग, प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की जा रही है। अनुमान है कि इस अवसर पर लगभग पचास हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रीराम सेवा संघ ने पूर्णिया सहित आसपास के जिलों के लोगों से इस ऐतिहासिक देव दीपावली में शामिल होकर सनातन संस्कृति के इस पर्व को यादगार बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *