Bihar Election 2025, प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत, 49-अररिया विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री संजीव कुमार सिंह ने आज क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। प्रेक्षक महोदय ने चुनावी तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक सुविधाओं और मतदाता जागरूकता पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सहायक निर्वाची पदाधिकारी अररिया, संबंधित क्षेत्र के सेक्टर पदाधिकारी/सेक्टर पुलिस पदाधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित थे।
AMF सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश
प्रेक्षक महोदय ने मतदान केंद्रों पर विधानसभा चुनाव की तैयारी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सबसे महत्वपूर्ण निर्देश दिया कि सभी मतदान केन्द्रों पर AMF (Assured Minimum Facilities) के तहत आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए। इन सुविधाओं में पेयजल, शौचालय, रैंप और समुचित रोशनी शामिल है।
100% वोटर पर्ची वितरण पर जोर
मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से, प्रेक्षक महोदय द्वारा निर्देश दिया गया कि मतदाताओं को मताधिकार के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाए। उन्होंने आगामी 04-05 दिनों में बी०एल०ओ० (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से वोटर पर्ची का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, प्रेक्षक महोदय ने सभी सेक्टर पदाधिकारी/सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने और भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है। यह कार्रवाई शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



