Purnia Breaking: पूर्णिया में ट्रिपल मौत से सनसनी, व्यवसायी नवीन कुशवाहा, पत्नी और बेटी की संदिग्ध हालात में मौत

पूर्णिया, नंदकिशोर: Purnia Breaking पूर्णिया शहर में मंगलवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब खजांचीहाट थाना क्षेत्र के यूरोपियन कॉलोनी स्थित आवास पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर आई। मृतकों की पहचान प्रसिद्ध व्यवसायी नवीन कुशवाहा, उनकी पत्नी कंचन माला सिंह (48) और बेटी तनु प्रिया (23) के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर हालत में आनन-फानन में गैलेक्सी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्णिया के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक और सन्नाटा पसर गया।

रात में ही पूर्व मंत्री लेसी सिंह, सांसद पप्पू यादव, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, कांग्रेस नेता छोटू सिंह, जितेंद्र यादव, पूर्व मंत्री बीमा भारती और सदर विधायक विजय खेमका सहित कई जनप्रतिनिधि और पत्रकार अस्पताल पहुंचे। सभी ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। जदयू नेता निरंजन कुशवाहा के बड़े भाई थे नवीन कुशवाहा। निरंजन ने बताया कि बेटी तनु प्रिया सीढ़ियों से फिसल गई थी। उसे बचाने के क्रम में भाई नवीन कुशवाहा भी नीचे गिरे और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। यह दृश्य देखकर भाभी कंचन माला को हार्ट अटैक आ गया।

हालांकि, डॉक्टर बी. एन. सिंह ने बताया कि नवीन कुशवाहा के गर्दन पर फंदे के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि मामला सुसाइड से जुड़ा प्रतीत होता है। वहीं पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने भी पुष्टि की कि नवीन कुशवाहा के गले पर निशान हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट रूप से स्थिति बताई जा सकेगी। एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। नवीन कुशवाहा शहर के शांत, सौम्य और मिलनसार व्यक्ति माने जाते थे। उनका किसी से विवाद का इतिहास नहीं रहा है। एक साथ तीन मौतों की खबर ने पूरे पूर्णिया जिले को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *