अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण में निर्धारित 11 नवम्बर 2025 की मतदान तिथि को लेकर अररिया जिला प्रशासन अब अंतिम चरण की तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में, शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी आवश्यक चुनावी तैयारियों को ससमय और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करना था।
इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई गहन चर्चा
इस बैठक में सभी निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न दायित्वों से जुड़े नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में निम्न प्रमुख कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई:
मानव संसाधन: मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण कार्यक्रम।
लॉजिस्टिक्स: वाहनों की व्यवस्था, सामग्री प्रेषण (डिस्पैच) और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली।
तकनीकी तैयारी: ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) रैण्डमाईजेशन की स्थिति।
संचार व्यवस्था: कम्युनिकेशन प्लान का क्रियान्वयन।
समयबद्ध तैयारी और समन्वय पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार ने सभी नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्तरों की तैयारी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी नोडल पदाधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग करें और एक दूसरे से समन्वय स्थापित कर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
मतदाताओं के लिए सुविधाओं का निर्देश
मतदान दिवस पर मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए, जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं रैंप जैसी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। इस बैठक में वरीय प्रभारी निर्वाचन सह अपर समाहर्ता अजय कुमार ठाकुर, अपर समाहर्ता आपदा नवनील कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं संबंधित कोषांग के नोडल पदाधिकारीगण उपस्थित थे।



