Bihar Election 2025: अमित शाह का पूर्णिया में शक्ति प्रदर्शन, भव्य रोड शो में उमड़ा जनसैलाब — कहा, एनडीए भारी बहुमत से बनाएगी सरकार

पूर्णिया: Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले पूर्णिया में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने एनडीए और भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका के समर्थन में भट्ठा बाजार क्षेत्र से लेकर आस्था मंदिर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया। पूरे शहर में जय श्रीराम, भारत माता की जय, और मोदी-शाह जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा।

यह रोड शो आर.एन. साव चौक स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से शुरू होकर कालीबाड़ी चौक, लखन चौक, खीरू चौक, जिला स्कूल होते हुए आस्था मंदिर के पास समाप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में अमित शाह ने वीर कुंवर सिंह स्मारक पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम” के नारे लगवाए। रोड शो में भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका, भाजपा नेत्री एवं डिप्टी मेयर पल्लवी गुप्ता, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। रास्ते के दोनों ओर और छतों पर खड़े हजारों लोगों ने फूलों की वर्षा कर गृह मंत्री का भव्य स्वागत किया।

Bihar Election 2025

श्रीराम सेवा संघ की महिलाओं ने भजन और गीतों से माहौल को और भी जोशपूर्ण बना दिया। अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि पूर्णिया की जनता ने मन बना लिया है — इस बार बिहार में एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है, और जनता इस प्रगति की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। शाह ने जनता से अपील की कि 11 नवंबर को मतदान के दिन भारी संख्या में मतदान कर एनडीए उम्मीदवारों को विजयी बनाएं, ताकि बिहार में स्थिर, विकासशील और सुरक्षित सरकार कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *