Bihar Election 2025 : पूर्णिया जिला प्रशासन ने दूसरे चरण के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों—पूर्णिया, धमदाहा, रुपौली, बनमनखी, कसबा, बायसी और अमौर—में कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2553 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 492 संवेदनशील और 23 अति संवेदनशील बूथों की पहचान की गई है।
दियारा क्षेत्र में नाव और घुड़सवार दस्ते की विशेष तैनाती की गई है, जबकि सभी विधानसभा क्षेत्रों में मॉडल, पिंक और युवा बूथ तैयार किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 77 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) जिले में तैनात की गई है। बॉर्डर इलाकों को सील कर दिया गया है और सभी बूथों पर सशस्त्र बलों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने दावा किया है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं।



